शहीद हीरा सिंह राजकीय पीजी कॉलेज में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिलाई गई मतदाता शपथ
धानापुर, चंदौली
3:02 PM, Jan 25, 2026
धानापुर। कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निर्भीक, स्वतंत्र और बिना किसी प्रलोभन के मतदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश में मतदान करना न केवल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, बल्कि देश के प्रति उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. अंकित पटेल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने और उसे नई दिशा देने के लिए आवश्यक है कि सभी मतदाता अपने घरों से निकलें, मतदान केंद्र पर जाएं और अपने मताधिकार का सही उपयोग करें। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी स्वयंसेवकों को मतदाता शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने आस-पास के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष भागीदारी के माध्यम से सशक्त लोकतंत्र की स्थापना हो सके।
Advertisement
