ग्राम प्रधान मिंटू सिंह को मॉडल यूथ ग्राम सभा के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होकर लौटने पर ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
चंदौली
4:43 PM, Feb 1, 2026
वापसी पर ग्राम प्रधान ने शहीदों को किया नमन, बोले— इन्हीं से मिलती है ऊर्जा और प्रेरणा धानापुर।। विकासखंड अंतर्गत प्रहलादपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह को मॉडल यूथ ग्राम सभा के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम 28 जनवरी 2026 को भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होकर गांव लौटने पर रविवार को ग्रामीणों व शुभचिंतकों ने जुलूस निकालकर थाना चौराहा पर फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बताया गया कि ग्राम सभा प्रहलादपुर में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए विकास कार्यों की समय-समय पर जिला, प्रदेश और केंद्र स्तर पर जांच की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ग्राम पंचायत को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। वापसी के बाद ग्राम प्रधान मिंटू सिंह ने सबसे पहले शहीद पार्क पहुंचकर अगस्त क्रांति के वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि “इन शहीद पूर्वजों से ही हमें ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। गांव के संपूर्ण विकास का जो लक्ष्य था, वह पूरा हुआ है। अब इसके दायरे को और बढ़ाकर नए आयाम स्थापित करना ही हमारा अगला लक्ष्य है।” उन्होंने दिल्ली में मिले सम्मान को ग्रामीणों के साथ साझा करते हुए कहा कि यह गौरव का क्षण था, जब धानापुर और चंदौली का नाम राष्ट्रीय मंच से गूंजा। इस अवसर पर स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से धानापुर ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा, रंजन सेठ, अश्वनी यादव, मनीष सिंह आमादपुर, सुनील पांडेय,विपिन रस्तोगी, मनोज कुमार, सुनील सहित ग्राम पंचायत सदस्य, युवा प्रतिनिधि, समाजसेवी, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Advertisement
