घुड़दौड़ प्रतियोगिता में रेवसा का घोड़ा विजेता, मैदान में गूंजा उत्साह
धानापुर, चंदौली
7:01 AM, Jan 21, 2026
धानापुर। अमर वीर इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने खेलप्रेमियों को रोमांच से भर दिया। इस प्रतियोगिता में कुल 16 घोड़ों ने भाग लिया, जिनमें चंदौली, बनारस, गाजीपुर और मोहनिया से आए घोड़े शामिल रहे। प्रतियोगिता को तीन ग्रुपों में विभाजित किया गया, जहां अलग–अलग रेस कराई गई। प्रत्येक रेस से प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले घोड़ों को फाइनल राउंड के लिए चयनित किया गया। फाइनल रेस में घोड़ों की रफ्तार और सवारों की कला देखने लायक रही, जिसमें अंततः रेवसा का घोड़ा सभी को पीछे छोड़ते हुए विजेता बना। घुड़दौड़ प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि शहंशाह खान “बुलेट” रहे, जिन्होंने झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दौड़ के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा मैदान तालियों व नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर राशिद, इनाम, होरी हरिकेश और संदीप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
Advertisement
