अस्पताल में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
अलीनगर, चंदौली
9:53 AM, May 11, 2026
पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। अस्पताल में भर्ती महिला लक्ष्मीना (55) की एक युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह लगभग साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आरोपी युवक इलाज कराने के बहाने अस्पताल पहुंचा था। उसने पहले बीपी की दवा ली और फिर अस्पताल के वार्ड में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने महिला के पास पहुंचकर उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाई और गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलते समय आरोपी ने एक और फायर किया और बाइक से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों और लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
Advertisement
