बिजली विभाग की लापरवाही से जली गेहूं की फसल, किसानों को भारी नुकसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में खेतों के पास हार्वेस्टिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगने की सूचना आसपास के किसानों को मिली। तेज पूर्वा हवा के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया
सोनभद्र

8:49 PM, Apr 13, 2026
हनीफ खान ब्यूरो
जनपद न्यूज़ टाइम्सकरमा (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बारी महेवा गांव में सोमवार दोपहर करीब पौने एक बजे अचानक आग लगने से गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में लगभग 10 से 12 बीघा फसल नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में खेतों के पास हार्वेस्टिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगने की सूचना आसपास के किसानों को मिली। तेज पूर्वा हवा के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
किसान अब्दुल जब्बार खान के अनुसार, घटना के दौरान बिजली विभाग के जेई को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनका कहना है कि यदि समय रहते संपर्क हो जाता तो बोरिंग के पानी से कुछ फसल को बचाया जा सकता था।
Advertisement
आग की चपेट में आकर अब्दुल जब्बार खान की करीब 6 बीघा, नरेश यादव की 1 बीघा, दिनेश यादव की लगभग डेढ़ बीघा तथा गोविंद यादव की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, कुछ किसानों का कहना है कि किसी ने कटी हुई फसल को जलाकर छोड़ दिया था, जो तेज हवा के कारण फैलकर बड़ी आग में बदल गई।
पीड़ित किसानों ने संबंधित अधिकारियों एवं जिलाधिकारी से मुआवजे की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
