‘हर घर नल जल योजना’ से वंचित बस्ती, ग्रामीणों में रोष
विकास खंड करमा अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकुरिया के एक हिस्से में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। करमा थाने से सटे मौजा क्षेत्र और रेनबो किड्स स्कूल के पास स्थित बस्ती अब तक हर घर नल जल योजना से अछूती है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
करमा, सोनभद्र

1:46 PM, May 3, 2026
हनीफ खान (ब्यूरो)
जनपद न्यूज़ टाइम्सकरमा, सोनभद्र। विकास खंड करमा अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकुरिया के एक हिस्से में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। करमा थाने से सटे मौजा क्षेत्र और रेनबो किड्स स्कूल के पास स्थित बस्ती अब तक हर घर नल जल योजना से अछूती है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप कई वर्षों से खराब पड़ा है और केवल “शोपीस” बनकर रह गया है। एक बार रिबोरिंग भी कराई गई, लेकिन उससे भी पानी नहीं निकलता। हालात ऐसे हैं कि लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के पार से पानी लाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती से कुछ ही दूरी पर जल निगम की टंकी मौजूद है और आसपास के इलाकों में नियमित जलापूर्ति भी हो रही है, लेकिन इस बस्ती तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। जब इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो उन्हें खुद गड्ढा खोदकर पाइप डालने की सलाह दी जाती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग सोनभद्र–मिर्जापुर पर मदैनिया मोड़ तक पाइपलाइन बिछाने के बाद ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चले गए, जबकि उनकी बस्ती को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया।
Advertisement
इस गंभीर समस्या को लेकर गांव के आशीष सिंह, विजय सिंह, रमेश पाल, राजेन्द्र यादव, रामसूरत, मीना देवी, शारदा देवी, गीता देवी, सपना देवी, इंद्रावती देवी, बैजू पाल समेत अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
