लखनऊ–कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती समेत दो बच्चों की मौत, बड़ी बेटी बची
उन्नाव। लखनऊ–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात करीब 11:30 बजे भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कंटेनर में टक्कर मारी और फिर भागने के प्रयास में बाइक सवार परिवार को कुचल दिया।
उन्नाव

6:03 AM, Feb 5, 2026

मृतकों की पहचान अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) पुत्र गुरुचरण, उनकी पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के रूप में हुई है। हादसे में वीरेंद्र की बड़ी बेटी नैनसी (15) चमत्कारिक रूप से बच गई, क्योंकि वह पीछे से आ रहे साढ़ू की बाइक पर सवार थी।
वैवाहिक कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र परिवार सहित बुधवार को लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात में वह पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बड़ी बेटी नैनसी, वीरेंद्र के साढ़ू रंजीत की बाइक पर बैठी थी।
भल्ला फार्म तिराहे के पास पीछे आ रहे साढ़ू को न देख वीरेंद्र ने बाइक रोककर उसका इंतजार किया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कंटेनर हाईवे पर पलट गया। इसके बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया।
मौके पर ही चारों की मौत
Advertisement
हादसे में दंपती और उनके दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का बयान
सोहरामऊ थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।