20 गोवंश के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बिहार ले जाकर वध की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के गांवों से सस्ते दामों में गोवंश खरीदते थे और पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों से पैदल बिहार के करकटगढ़ क्षेत्र तक पहुंचाते थे। वहां से गोवंशों को पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। इस कार्य से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
नौगढ़, चंदौली

5:41 PM, May 11, 2026
चंदौली। नौगढ़ थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 गोवंश बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर गोवंशों को बिहार ले जा रहे थे, जहां उन्हें वध के लिए ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नौगढ़ पुलिस ने 10 मई की शाम करीब 6:35 बजे मुखबिर की सूचना पर औरवाटाड़ जंगल में छापेमारी की। इस दौरान 20 गोवंशों को क्रूरता पूर्वक एक-दूसरे से बांधकर मारते-पीटते हुए पैदल बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों में मनोज कोल (25) निवासी नरकटी (सेहुआ), राममूरत कोल (50) निवासी नरकटी (सेहुआ) तथा मुन्ना प्रसाद कोल (35) निवासी लौवारी खुर्द थाना नौगढ़ शामिल हैं।
Advertisement
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के गांवों से सस्ते दामों में गोवंश खरीदते थे और पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों से पैदल बिहार के करकटगढ़ क्षेत्र तक पहुंचाते थे। वहां से गोवंशों को पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। इस कार्य से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
इस मामले में थाना नौगढ़ पर मुकदमा संख्या 49/2026 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक धनई प्रसाद, उपनिरीक्षक तरुण पांडेय, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।