नशा मुक्ति के लिए निकाली गई जनजागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
पोस्टर और दफ्तियों पर लिखे नशा मुक्ति के स्लोगनों के साथ शिविरार्थियों ने मलिन बस्ती तथा कस्बे के लोगों से नशा छोड़ने की अपील की। बस्ती स्थित संत रविदास स्थल पर पहुंचकर शिविरार्थियों ने “जिंदगी बनाम नशा” शीर्षक से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और ग्रामीणों को नशे के घातक दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
धानापुर, चंदौली

4:01 PM, Mar 15, 2026
धानापुर। कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन शिविरार्थियों द्वारा नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने रैली को झंडा दिखाकर कार्यस्थल मलिन बस्ती धानापुर के लिए रवाना किया।
पोस्टर और दफ्तियों पर लिखे नशा मुक्ति के स्लोगनों के साथ शिविरार्थियों ने मलिन बस्ती तथा कस्बे के लोगों से नशा छोड़ने की अपील की। बस्ती स्थित संत रविदास स्थल पर पहुंचकर शिविरार्थियों ने “जिंदगी बनाम नशा” शीर्षक से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और ग्रामीणों को नशे के घातक दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
नाटक में दिव्यांशी, शालिनी, सृष्टि, सुष्मिता, शिव कुमार, शिव शंकर, अमन, ज्वाला, खुशबू और अमर कांत द्विवेदी ने अभिनय के माध्यम से बताया कि नशा किस प्रकार व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ उसके मानसिक, आर्थिक और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है।
शिविरार्थियों ने लोगों को गुटखा, तंबाकू, खैनी, पान मसाला, शराब, बीड़ी-सिगरेट, कोकीन तथा अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह देते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
Advertisement
नाटक के बाद दिव्यांशी पांडेय ने “नशा न करना, मान लो कहना, प्यारे भाई बहना” गीत प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि युवा वर्ग में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने और उसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा रैली और नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सहित एनएसएस के समस्त स्वयंसेवक उपस्थित रहे।