नवरात्रि, रामनवमी व ईद-उल-फितर को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक में विभिन्न धर्मों के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी ने सभी का स्वागत करते हुए हर वर्ष की भांति आपसी भाईचारा, शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए।
चंदौली

6:33 PM, Mar 19, 2026
चन्दौली। जनपद में आगामी नवरात्रि, रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न धर्मों के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी ने सभी का स्वागत करते हुए हर वर्ष की भांति आपसी भाईचारा, शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए।
Advertisement
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्यौहार हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जिन्हें मिल-जुलकर मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए विशेष टीम सक्रिय है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर, एसडीएम, क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी, धर्मगुरु एवं जनपद के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।