औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, 6 सफाई कर्मी निलंबित; सचिव और ग्राम पंचायत अधिकारी पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत हिनौता, रमौली, लक्ष्मणगढ़ और रानेपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत हिनौता और लक्ष्मणगढ़ में तैनात सफाई कर्मियों द्वारा गांव में नियमित सफाई न किए जाने, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और गांव में गंदगी पाए जाने पर सतीश कुमार सिंह, विजेंद्र कुमार चौहान, नरेंद्र कुमार, लालव्रत यादव, अखिलेश गुप्ता और पंकज कुमार याद
चंदौली

5:29 PM, Apr 24, 2026
चंदौली। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा द्वारा विकास खंड चहनियां की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही और कई गंभीर कमियां सामने आईं। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने पर छह सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत हिनौता, रमौली, लक्ष्मणगढ़ और रानेपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत हिनौता और लक्ष्मणगढ़ में तैनात सफाई कर्मियों द्वारा गांव में नियमित सफाई न किए जाने, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और गांव में गंदगी पाए जाने पर सतीश कुमार सिंह, विजेंद्र कुमार चौहान, नरेंद्र कुमार, लालव्रत यादव, अखिलेश गुप्ता और पंकज कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। ग्राम पंचायत हिनौता में पंचायत भवन का सीलिंग फैन खराब मिला, वाई-फाई कनेक्शन और सोलर पैनल नहीं लगे थे, जन सेवा केंद्र की आईडी की जानकारी उपलब्ध नहीं थी और शौचालय का रजिस्टर भी नहीं बनाया गया था। ग्राम पंचायत रमौली में पंचायत भवन पर ताला बंद मिला तथा परिसर में गंदगी पाई गई।
Advertisement
ग्राम पंचायत लक्ष्मणगढ़ में पंचायत भवन में इनवर्टर और बैटरी नहीं होने से शासकीय कार्य बाधित पाया गया। साथ ही पंचायत भवन का शौचालय गंदा मिला और हैंडपंप के पास भी साफ-सफाई नहीं थी। सामुदायिक शौचालय भी क्रियाशील नहीं पाया गया। वहीं ग्राम पंचायत रानेपुर में पंचायत भवन में वाई-फाई कनेक्शन नहीं लगा था और सामुदायिक शौचालय भी बंद मिला।
इन सभी कमियों और लापरवाहियों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव आशुतोष सिंह और संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
