नौगढ़ में मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन
नौगढ़ (चंदौली)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार गुरुवार को नौगढ़ ब्लॉक परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली एवं पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
नौगढ़, चंदौली

5:13 PM, Feb 12, 2026
सिविल जज डॉ. इन्दु रानी ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
नौगढ़ (चंदौली)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार गुरुवार को नौगढ़ ब्लॉक परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली एवं पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. इन्दु रानी ने किया।
शिविर का उद्देश्य निर्धन वर्ग, श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना था।
ब्लॉक सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. इन्दु रानी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके निकट जाकर करना है, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
Advertisement
शिविर में समाज कल्याण विभाग, आंगनबाड़ी, महिला स्वयं सहायता समूह, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग तथा श्वेतक्रांति योजना के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान जैसी सेवाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए। सिविल जज डॉ. इन्दु रानी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारी की अनुपस्थिति पर डॉ. इन्दु रानी ने नाराजगी भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक संस्कारों का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंचल शर्मा, गंगा मीरा एवं सुशीला द्वारा दो नवजात शिशुओं का अनुप्रासन संस्कार कराया गया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई।