केकराही रेलवे क्रॉसिंग पर लग रहे जाम से बढ़ी दुर्घटना की आशंका
करमा, सोनभद्र। केकराही बाजार में स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर लगातार लग रहे जाम से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। रेलवे लाइन और सड़क के बीच अत्यंत कम दूरी होने के कारण यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
सोनभद्र

1:03 PM, Feb 17, 2026
हनीफ खान ब्यूरो
जनपद न्यूज़ टाइम्सकरमा, सोनभद्र। केकराही बाजार में स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर लगातार लग रहे जाम से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। रेलवे लाइन और सड़क के बीच अत्यंत कम दूरी होने के कारण यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
चुनार से चोपन को जोड़ने वाली इस रेलवे लाइन पर 24 घंटे में औसतन लगभग 40 ट्रेनों का आवागमन होता है। हर 30 से 50 मिनट पर ट्रेन गुजरने के कारण रेलवे फाटक कम से कम 15 से 20 मिनट तक बंद रहता है। फाटक बंद होते ही सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग जाता है। इस स्थिति में सबसे अधिक परेशानी बाजार के दुकानदारों और राहगीरों को उठानी पड़ती है। दिन में कई बार जाम लगने से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
Advertisement
चोपन से चुनार तक 103 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के दोहरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। दोहरीकरण कार्य करा रही झारखंड की झंझरिया निर्माण लिमिटेड के अधिकारी सोनू कुमार ने बताया कि वर्ष 2027 तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि दोहरीकरण के बाद ट्रेनों की संख्या और बढ़ेगी, जिससे रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
लोगों का यह भी कहना है कि दोहरीकरण के साथ उन स्थानों पर, जहां आवश्यकता होने के बावजूद रेलवे क्रॉसिंग या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, वहां स्थिति और खतरनाक साबित हो सकती है। रेलवे प्रशासन को ऐसे स्थलों को चिन्हित कर उचित समाधान करना चाहिए। केकराही बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग को लेकर भी स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से किसी वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
