कुलावे की मांग को लेकर किसानों ने रुकवाया नहर निर्माण कार्य, किसान गोष्ठी आयोजित
किसानों का कहना था कि धान की खेती का सीजन नजदीक है, लेकिन सिंचाई विभाग द्वारा नहर में लगे एक फीट के कुलावों को हटाकर मात्र छह इंच के कुलावे लगाए जा रहे हैं। जंगलपुर फाल के पूरब दिशा में केवल दो छोटे कुलावे लगाए गए हैं, जिससे पर्याप्त सिंचाई नहीं हो सकेगी।
शहाबगंज, चंदौली

7:07 PM, May 10, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली): किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बेन रजवाहा अंतर्गत आदर्श नहर निर्माण कार्य को बटौवा फाल पर रोक दिया। इसके बाद भुड़कुड़ा-मझूईं गांव में किसान गोष्ठी आयोजित कर सिंचाई व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
किसानों का कहना था कि धान की खेती का सीजन नजदीक है, लेकिन सिंचाई विभाग द्वारा नहर में लगे एक फीट के कुलावों को हटाकर मात्र छह इंच के कुलावे लगाए जा रहे हैं। जंगलपुर फाल के पूरब दिशा में केवल दो छोटे कुलावे लगाए गए हैं, जिससे पर्याप्त सिंचाई नहीं हो सकेगी।
किसान विकास मंच के वक्ता अशोक कुमार सिंह ने कहा कि यहां से लगभग 200 एकड़ खेतों की सिंचाई होती है और किसानों को ढाई किलोमीटर दूर तक पानी ले जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जंगलपुर, भुड़कुड़ा और मझूईं गांव की खेती इसी नहर पर निर्भर है। यदि दो की जगह चार कुलावे नहीं लगाए गए तो धान और गेहूं की फसल प्रभावित होगी।
किसान विकास मंच के नेता ओमप्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बटौवा फाल पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने मांग की कि एक अतिरिक्त कुलावा लगाए बिना निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
Advertisement
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि आधुनिक खेती की जरूरतों को देखते हुए सिंचाई विभाग को पुराने नक्शों में संशोधन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुराने मानकों के अनुसार ही कार्य होता रहा तो किसानों को समय पर सिंचाई का पानी नहीं मिल पाएगा।
इस दौरान किसानों ने “किसान विकास मंच जिंदाबाद” और “हम अपना अधिकार मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते” जैसे नारे लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में बंसलोचन सिंह, कृष्णा नंद सिंह, सुरेश मौर्य, रमेश गुप्ता, राहुल कुमार सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, श्री निवास, जीतेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिनोद सिंह ने तथा संचालन कृष्णा नंद सिंह ने किया।
