संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी जन समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
चंदौली। सरकार की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की।
चंदौली

2:54 PM, Mar 23, 2026
चंदौली। सरकार की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की।
इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्विवाद वरासत समेत अन्य राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुलझाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 02 प्रकरणों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
Advertisement
उन्होंने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास कार्य, सिंचाई, विद्युत विभाग और पुलिस से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारियों को तीन से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करने तथा तीन वर्ष से अधिक पुराने मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एआर कॉपरेटिव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, नगर पंचायत चंदौली के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
