फॉर्मर रजिस्ट्री कैम्प का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी तथा भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सके और अन्य कृषि योजनाओं के लिए किसानों का डाटाबेस तैयार हो सके।
चंदौली

6:55 PM, Apr 7, 2026
चंदौली। जनपद में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने विकास खंड नियामताबाद के न्याय पंचायत डहिया अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर में आयोजित कैम्प का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी तथा भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सके और अन्य कृषि योजनाओं के लिए किसानों का डाटाबेस तैयार हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम सचिवालयों और पंचायत भवनों का भ्रमण कर पेंडिंग मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान अपनी किसान आईडी बनवाने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी लेकर जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाकर आवेदन कर सकते हैं।
Advertisement
उन्होंने यह भी बताया कि यदि आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग है तो उसे पहले सही कराना आवश्यक है, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य हो सकती है। साथ ही खतौनी का आधार से सत्यापन (e-KYC) अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे केवल पात्र किसानों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा, डीडी एजी भीमसेन, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।