चंदौली में पेयजल व्यवस्था की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, नौगढ़ समेत पूरे जनपद में पानी की कमी न होने के दिए निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद में पेयजल आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के दूरस्थ गांवों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
चंदौली

5:01 PM, Apr 22, 2026
चंदौली। भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद में पेयजल आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के दूरस्थ गांवों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खास तौर पर नौगढ़ विकास खंड में गर्मी के दौरान संभावित पेयजल संकट को लेकर चर्चा की गई और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में करें स्थलीय निरीक्षण
जिलाधिकारी ने जिला पंचायती राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी नौगढ़ को निर्देश देते हुए कहा कि सभी गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की जाए और जनसंख्या के अनुसार पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में जल स्तर कम होने के कारण कई हैंडपंप पानी छोड़ देते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है। ऐसे गांवों में वैकल्पिक व्यवस्था कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
Advertisement
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकियों और पाइपलाइन कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए गठित टीम से कंपनियों द्वारा कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
