धानापुर पुलिस ने पोल्ट्री फार्म से बैटरी व इनवर्टर चोरी का किया खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार, एक किशोर अभिरक्षा में
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 की रात धानापुर-नगवा मार्ग स्थित एक मुर्गी पालन केंद्र से अज्ञात चोरों ने तीन ट्यूबलर बैटरी और दो विद्युत परिवर्तक चोरी कर लिए थे। इस संबंध में वादी अबुल हसनात की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त 14 मार्च 2026 को ग्राम बड़ौरा स्थित एक अन्य मुर्गी पालन केंद्र से भी एक बैटरी और एक विद्युत परिवर्तक चोरी होने की घटना सामने आई थी।
धानापुर, चंदौली

3:35 PM, Apr 16, 2026
विष्णु वर्मा
जनपद न्यूज़ टाइम्सधानापुर (चन्दौली)। धानापुर पुलिस ने मुर्गी पालन केंद्रों से बैटरी और इनवर्टर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन बैटरियां, दो इनवर्टर तथा तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 की रात धानापुर-नगवा मार्ग स्थित एक मुर्गी पालन केंद्र से अज्ञात चोरों ने तीन ट्यूबलर बैटरी और दो विद्युत परिवर्तक चोरी कर लिए थे। इस संबंध में वादी अबुल हसनात की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त 14 मार्च 2026 को ग्राम बड़ौरा स्थित एक अन्य मुर्गी पालन केंद्र से भी एक बैटरी और एक इनवर्टर चोरी होने की घटना सामने आई थी।
प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस दल ने प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोहड़ा सकरारी मार्ग के पास से विजेन्द्र यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी ग्राम पगही को गिरफ्तार कर लिया तथा एक किशोर को अभिरक्षा में लिया।
Advertisement
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो एक्साइड कम्पनी की बैटरी, एक इस्टमैन कम्पनी की बैटरी, एक एक्साइड कम्पनी का विद्युत परिवर्तक, एक ल्यूमिनस कम्पनी का विद्युत परिवर्तक तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त तीन हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है, जबकि किशोर के संबंध में नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
