मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा: एक ही चेहरा, अलग-अलग नामों से लग रही मजदूरों की हाजिरी
शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत बयापुर ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड की गई हाजिरी की तस्वीरों में एक ही व्यक्ति का चेहरा अलग-अलग नामों से दर्ज मजदूरों की सूची में दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शहाबगंज, चंदौली

5:29 PM, Apr 5, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स
मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा: एक ही चेहरा, अलग-अलग नामों से लग रही मजदूरों की हाजिरी
चंदौली के शहाबगंज ब्लॉक की बयापुर ग्राम पंचायत का मामला, NMMS ऐप की तस्वीरों से खुली अनियमितता
चंदौली (शहाबगंज)। जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत बयापुर ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड की गई हाजिरी की तस्वीरों में एक ही व्यक्ति का चेहरा अलग-अलग नामों से दर्ज मजदूरों की सूची में दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, “बयापुर में जमुना पांडेय के खेत से प्राथमिक विद्यालय तक कच्चा मार्ग निर्माण” कार्य के तहत NMMS App पर अपलोड की गई ग्रुप फोटो में एक ही व्यक्ति कई बार नजर आ रहा है, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में मजदूरों के नाम अलग-अलग दर्ज किए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि फर्जी मजदूरों के नाम पर हाजिरी लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
मामले में एक और गंभीर लापरवाही यह सामने आई है कि रिकॉर्ड में “सेकंड फोटो नॉट अपलोडेड” दर्शाया गया है। मनरेगा के नियमों के अनुसार कार्यस्थल की दो फोटो अपलोड करना अनिवार्य होता है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। ऐसे में नियमों की अनदेखी भी साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
Advertisement
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार कर्मियों की मिलीभगत से इस प्रकार का फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर घोटाला उजागर हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक मजदूरों को उनका हक मिल सके।
