12 जून तक बाल श्रम मुक्त बनेगा भोड़सर पंचायत, प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
ग्राम पंचायत भोड़सर में गुरुवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (CWPC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत को 12 जून तक बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र की 8 अन्य पंचायतों को भी बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
शहाबगंज, चंदौली

4:41 PM, Apr 30, 2026
शहाबगंज। ग्राम पंचायत भोड़सर में गुरुवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (CWPC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत को 12 जून तक बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र की 8 अन्य पंचायतों को भी बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत को बाल श्रम मुक्त और बाल हितैषी पंचायत बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, विद्यालय के शिक्षक, समिति के बाल प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
बैठक में समिति की सचिव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश को बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में चंदौली जनपद को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त जनपद बनाने की दिशा में श्रम विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पंचायत में चिन्हित बाल श्रमिक बच्चों एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी जारी है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने से पहले प्रत्येक पंचायत को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में बाल श्रम की पहचान और रोकथाम के लिए नियमित सर्वेक्षण कराया जाएगा। साथ ही स्कूल से बाहर बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पुनः शिक्षा से जोड़ा जाएगा।
Advertisement
इसके अलावा समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा जरूरतमंद बच्चों तक सभी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे मिलकर 12 जून तक भोड़सर पंचायत को बाल श्रम मुक्त बनायेंगे।इस दौरान प्रधानाध्यापक जैनेन्द्र कुमार कौल सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
