तीन माह से खराब भूसी भोड़सर फीडर, आपूर्ति शहाबगंज से, तीन दर्जन गांवों में संकट
शहाबगंज। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। भूसी भोड़सर फीडर पिछले तीन माह से खराब पड़ा है, जिसके चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शहाबगंज फीडर से जोड़कर किसी तरह संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था के कारण लगभग तीन दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह भाग्य के भरोसे चल रही है।
शहाबगंज, चंदौली

11:40 AM, Apr 5, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। भूसी भोड़सर फीडर पिछले तीन माह से खराब पड़ा है, जिसके चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शहाबगंज फीडर से जोड़कर किसी तरह संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था के कारण लगभग तीन दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह भाग्य के भरोसे चल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही फीडर से दो क्षेत्रों को जोड़ देने के कारण अक्सर तकनीकी गड़बड़ियां उत्पन्न हो जाती हैं। किसी एक गांव में फॉल्ट आने पर दोनों फीडरों की आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे व्यापक क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। इसके साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी रहती है, जिससे घरेलू उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
इस समस्या का असर केवल घरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों पर भी पड़ रहा है। इलाके में संचालित दो बैंक, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, पोस्ट ऑफिस और कई स्कूल बिजली की अनियमित आपूर्ति से प्रभावित हो रहे हैं। बिजली न रहने पर बैंकिंग कार्य बाधित होता है, अस्पताल में इलाज प्रभावित होता है और स्कूलों में पढ़ाई का माहौल भी बिगड़ जाता है।
Advertisement
गर्मी बढ़ने के साथ यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में लगातार कटौती और लो-वोल्टेज से लोगों की परेशानियां कई गुना बढ़ने की आशंका है।
कस्बा के अजय जायसवाल, पिंटू जायसवाल, रजल्लू और सिंटू मौर्य सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द भूसी भोड़सर फीडर की खराबी को दूर किया जाए और शहाबगंज फीडर से अलग कर स्वतंत्र रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होना होगा।
वही जेई संजीव कुमार ने बताया कि गड़बड़ी के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है लेकिन अभी तक खराब फीडर का मरम्मत नही हो पाया है। जिसके कारण वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिजली आपूर्ति की जा रही है।
