चंदौली में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, 1.65 करोड़ की 9032 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक (RJ14GN7944) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार चालक ने ट्रक की गति बढ़ाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
चंदौली

2:05 PM, Apr 28, 2026
चंदौली। जनपद चंदौली में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 932 पेटी में कुल 9031.085 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान एक अंतर्राज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक (RJ14GN7944) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार चालक ने ट्रक की गति बढ़ाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई 932 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में किंगफिशर, रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू और ऑल सीजन ब्रांड शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीश लोहार (34) पुत्र नारायण लोहार निवासी श्रीनाथ कॉलोनी ए, नाथद्वारा थाना नाथद्वारा, जिला राजसमंद (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब की बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” लिखा था और प्रत्येक बोतल का स्कैनर भी खुरच दिया गया था।
Advertisement
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वह पंजाब से सस्ते दामों में शराब खरीदकर ट्रक के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था।
इस मामले में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 260/26 के तहत धारा 109(1)/318(4)/319(2) बीएनएस तथा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना अलीनगर पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम के कई अधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे।